15/05/2026
भोजन: केवल स्वाद नहीं, भावनाओं की भाषा
कहते हैं कि खाना बनाना सिर्फ पेट भरने का काम नहीं होता, यह एक कला है। जिस तरह एक चित्रकार अपने रंगों में भावनाएँ भर देता है, उसी तरह रसोई में खड़ा इंसान अपने हाथों के स्वाद में प्यार, अपनापन और संवेदनाएँ घोल देता है। भोजन में केवल मसाले नहीं होते, उसमें घर की खुशबू, रिश्तों की गर्माहट और दिल की भावनाएँ भी छुपी होती हैं।
जब माँ अपने बच्चों के लिए खाना बनाती है, तो उसमें उसकी ममता दिखाई देती है। दादी के हाथों का स्वाद इसलिए अलग लगता है क्योंकि उसमें वर्षों का स्नेह और अनुभव मिला होता है। किसी अपने के लिए Favourite recipe बनाना केवल एक काम नहीं, बल्कि यह जताने का तरीका है कि वह व्यक्ति हमारे लिए कितना खास है।
खाना खिलाना भी अपने आप में एक सुंदर संस्कार है। आप किसी दिन बेमन खाना बना कर देखिए आपको खुद ही खाने में स्वाद नहीं आएगा। आज की तेज़ भागती जिंदगी में लोग अक्सर बाहर का खाना और जल्दी बनने वाले साधन चुन लेते हैं, लेकिन घर के खाने की बात ही अलग होती है। घर की रोटी में जो अपनापन होता है, वह बड़े से बड़े होटल के भोजन में भी नहीं मिल सकता। क्योंकि घर के खाने में स्वाद के साथ-साथ भावनाएँ भी परोसी जाती हैं।
सच तो यह है कि रसोई केवल खाना बनाने की जगह नहीं होती, वह घर का दिल होती है। वहाँ से उठती खुशबू परिवार को एक साथ जोड़ती है। एक थाली कई बार उन बातों को कह देती है, जिन्हें शब्दों में कहना कठिन होता है। इसलिए भोजन और भोजन बनाने वाले की हमेशाr respect करें क्योंकि यही भोजन ही है जिसकी जद्दोजहद में हम सब लगे हुए हैं।
फिर मिलेंगे कुछ और दिल के जज्बातों के साथ तब तक खाइये, खिलाइये और खुश रहिए – अंशुल
ा_खाना #खाना #रसोई #माँ_के_हाथ_का_खाना #स्वाद #अपनापन #खुशबू #भारतीय_भोजन #दिल_से #फूड_लवर ी_रसोई