16/09/2026
🚨 पौड़ी में कानून-व्यवस्था पर सवाल! एक हफ्ते में 4-5 बार भिड़े युवा, सड़कों पर चलता रहा ‘मारपीट का तमाशा’
पौड़ी। जिला मुख्यालय पौड़ी में बीते एक सप्ताह के दौरान युवाओं के आपस में भिड़ने की चार से पांच घटनाएं सामने आने के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कहीं लात-घूंसे चले तो कहीं युवाओं ने खुलेआम हंगामा किया। इन घटनाओं के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें युवाओं के बीच मारपीट साफ दिखाई दे रही है।
हैरानी की बात यह है कि इनमें से कई घटनाएं ऐसे स्थानों पर हुईं, जहां पुलिस की नियमित गश्त रहती है और प्रशासनिक अधिकारियों की भी आवाजाही होती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर पुलिस, एलआईयू और प्रशासन की निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है?
सामने आए वीडियो में युवाओं की खुलेआम मारपीट देखकर ऐसा लगता है मानो सड़क पर ही ‘डब्ल्यूडब्ल्यूएफ’ का मुकाबला चल रहा हो। वहीं, पुलिस की कार्रवाई फिलहाल एक मामले में चालानी कार्रवाई तक सीमित बताई जा रही है, जबकि अन्य घटनाओं में कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
शहरवासियों का सवाल है कि जब जिला मुख्यालय की सड़कों पर इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, तो हुड़दंग और आपसी मारपीट पर रोक लगाने के लिए पुलिस की ओर से क्या ठोस रणनीति बनाई जा रही है?
आखिर पौड़ी की सड़कों पर यह ‘मारपीट का तमाशा’ कब थमेगा और कौन थामेगा? यह सवाल अब शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।